आईजी रामगोपाल गर्ग का जांजगीर पुलिस लाइन व चांपा थाने का वार्षिक निरीक्षण








बेहतर पुलिसिंग, संवेदनशील व्यवहार और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर
जांजगीर-चांपा, 6 अक्टूबर 2026। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग (IPS) ने मंगलवार को जिला जांजगीर-चांपा पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन जांजगीर में परेड की सलामी लेकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयोजित पुलिस दरबार में आईजी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने-चौकियों में आने वाले पीड़ितों एवं शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का उचित और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो।
जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
आईजी ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश देते हुए जुआ, सट्टा और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने रक्षित केंद्र की वाहन शाखा, स्टोर शाखा एवं आर्म्स शाखा का भी निरीक्षण किया। वाहनों एवं दस्तावेजों की जांच के साथ स्टोर सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव तथा हथियारों की सुरक्षित व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अग्निवीर अभ्यर्थियों से मिले आईजी, बढ़ाया हौसला
वार्षिक निरीक्षण के बाद आईजी रामगोपाल गर्ग ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अध्ययन, कड़ी मेहनत और लगन के साथ तैयारी करने की सलाह दी। साथ ही पौष्टिक खान-पान और शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
पुलिस जिम और यातायात शाखा भवन का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन जांजगीर में नवीन पुलिस जिम का शुभारंभ किया गया। वहीं यातायात शाखा के जीर्णोद्धार किए गए भवन का भी उद्घाटन हुआ। पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
एसपी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं की समीक्षा
आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की। सेवा पुस्तिकाओं, अनुकम्पा नियुक्ति, लंबित पेंशन, भविष्य निधि, निर्माण कार्य, बजट, न्यायालयीन प्रकरण, निलंबित अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित मामलों, अपील एवं अवकाश प्रकरणों की जानकारी ली गई।
थाना-चौकी से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने और उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश भी दिए गए।
राहवीर, सड़क सुरक्षा मितान और महिला कमांडो सम्मानित
ड्रीम पाइंट होटल जांजगीर में आयोजित सम्मान समारोह में जिले के राहवीर, सड़क सुरक्षा मितान, पुलिस बूथ मितान एवं महिला कमांडो को आईजी रामगोपाल गर्ग ने सम्मानित किया।
आईजी ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को ₹25,000 तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग में आम नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
साइबर अपराध से बचाव का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान आईजी ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और अनजान लिंक से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने OTP एवं निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।
चांपा थाना निरीक्षण में लंबित मामलों पर सख्ती
वार्षिक निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना चांपा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने, पुराने लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
विशेष रूप से जुआ, सट्टा और अवैध शराब पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जांजगीर विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।




