पैतृक जमीन पर कब्जे का आरोप, न्याय नहीं मिला तो परिवार सहित अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठेंगे समय लाल केंवट

तहसीलदार पर सुनवाई नहीं करने और कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप, कलेक्टर को सौंपा आवेदन
जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हनीडीह तहसील अंतर्गत ग्राम बम्हनीडीह में पैतृक भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। जमीन पर कथित कब्जे और प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से परेशान समय लाल पिता छेदूराम केंवट ने अब परिवार सहित अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर जांजगीर-चांपा को लिखित आवेदन सौंपकर 10 नवंबर 2026 से तहसील कार्यालय बम्हनीडीह में शांतिपूर्ण हड़ताल पर बैठने की सूचना दी है।
आवेदक के अनुसार, ग्राम बम्हनीडीह में उनकी पैतृक भूमि खसरा नंबर 186/1, 186/2, 224/2 एवं 224/3 में स्थित है, जिस पर उनका परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से काबिज है। उनका आरोप है कि खसरा नंबर 186/1 की लगभग 0.016 हेक्टेयर भूमि पर शिवकुमार जायसवाल द्वारा कथित रूप से कब्जा कर लिया गया है।
वहीं, खसरा नंबर 224/2 एवं 224/3 में स्थित नीम के पेड़, जिसे परिवार कुलदेवी के रूप में पूजता था, उसे जेसीबी से उखाड़कर जमीन की सफाई करा दी गई। आवेदक का आरोप है कि इसके बाद वहां मकान निर्माण के लिए नींव खुदाई और कॉलम खड़े करने का कार्य भी किया गया है।
तहसील कार्यालय में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
समय लाल केंवट का कहना है कि भूमि विवाद को लेकर उन्होंने तहसीलदार बम्हनीडीह के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी आरोप है कि उनकी बात सुने बिना ही स्थगन संबंधी आवेदन को खारिज कर दिया गया।
परिवार सहित हड़ताल की चेतावनी
आवेदक ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर पैतृक भूमि पर कथित कब्जे को रोकने तथा नियमानुसार न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिलता है तो वे परिवार सहित 10 नवंबर 2026 से तहसील कार्यालय बम्हनीडीह में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण हड़ताल पर बैठेंगे।
इस आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा एवं थाना प्रभारी बम्हनीडीह को भी प्रेषित की गई है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।




