हनुमान धारा में अन्नकूट महोत्सव की धूम, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब





प्रयास सेवा संस्थान के गौसेवा सदन में भक्तिमय माहौल के बीच धूमधाम से हुआ आयोजन
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा नगर स्थित हनुमान धारा में प्रयास सेवा संस्थान के गौसेवा सदन द्वारा आज अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा। इस अवसर पर दर्शन एवं प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक जारी रहा।
महोत्सव के दौरान भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया। पूरे परिसर में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने आयोजन में सहभागिता निभाई।
प्रयास सेवा संस्थान के इस आयोजन ने धार्मिक परंपरा के साथ गौसेवा, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का संदेश दिया। श्रद्धालुओं के भारी जनसैलाब और भक्तिमय वातावरण के बीच अन्नकूट महोत्सव यादगार बन गया।




