सड़क की सौगात से खिले ग्रामीणों के चेहरे, जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू ने किया 10 लाख के सीसी रोड का भूमिपूजन

सिउड में विकास को मिली नई रफ्तार, 10 लाख की सीसी रोड का भूमिपूजन
जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू ने रखी विकास कार्य की आधारशिला, संजय के घर से पुरुषोत्तम के घर तक बनेगी पक्की सड़क


जांजगीर-चांपा। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में ग्राम पंचायत सिउड को बड़ी सौगात मिली है। गांव में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू के मुख्य आतिथ्य में विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। प्रस्तावित सड़क का निर्माण संजय के घर से पुरुषोत्तम के घर तक कराया जाएगा।
भूमिपूजन के अवसर पर जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू ने कहा कि गांवों का समग्र विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं किसी भी गांव के विकास की मजबूत नींव होती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं और मांगों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने आगे कहा कि सीसी रोड का निर्माण पूरा होने से मोहल्लेवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। विशेषकर बरसात के मौसम में कीचड़ और खराब रास्ते की समस्या से राहत मिलेगी। इससे ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी होगी।
वहीं, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति और भूमिपूजन पर खुशी जाहिर करते हुए जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू सहित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूरा होगा, जिससे गांव के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सिउड के सरपंच नकुल राज, भैंसमुड़ी सरपंच विजय साहू, उपसरपंच संतोष राठौर, शिव राजू साहू, बजरंग साहू, कुरा साहू, मुकेश सूर्यवंशी, रामेश्वर सूर्यवंशी, खिखराम सूर्यवंशी, फेक राम सूर्यवंशी, पावर बाई, धनिता, लक्ष्मीन, श्याम विजय राठौर, प्रीतम राठौर, पुरुषोत्तम सूर्यवंशी, सुखीराम, राजेश राठौर, अर्जुन लाल, हंसराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




