हाई स्कूल के सामने ट्रांसफार्मर के नीचे 11 केवी लाइन की ग्रिप खुली, हादसे की आशंका


ग्रामीणों ने कलेक्टर से की तत्काल मरम्मत व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम पंचायत लछनपुर (मड़वा) स्थित हाई स्कूल के सामने लगे ट्रांसफार्मर के नीचे 11 केवी विद्युत लाइन की ग्रिप खुल जाने से गंभीर दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस तकनीकी खराबी को जनसुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक एवं आम नागरिकों का आवागमन होता है। ऐसे में ट्रांसफार्मर के नीचे 11 केवी लाइन की ग्रिप खुली रहने से कभी भी विद्युत दुर्घटना हो सकती है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस संबंध में जिला कलेक्टर जांजगीर-चांपा को आवेदन सौंपकर संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराने, तकनीकी खराबी को तत्काल दूर करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में होने वाली किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।




