छत्तीसगढ़

बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, घर-घर भरवाए जाएंगे आवेदन

जांजगीर-चांपा। प्रदेश में बिजली दरों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर लगाने और 400 यूनिट तक की बिजली बिल हाफ योजना बंद किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने आंदोलन का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आंदोलन की रूपरेखा बताते हुए कहा कि अगस्त माह से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर आम जनता से आवेदन एवं विरोध पत्र भरवाएंगे।

उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार दो महीने तक चलाया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक जिले में एकत्रित आवेदनों के साथ बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर आवेदन सौंपे जाएंगे और उनकी पावती ली जाएगी। इसके पश्चात प्रदेशभर से प्राप्त पावतियों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर बिजली दर वृद्धि वापस लेने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में जांजगीर विधायक व्यास कश्यप ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली शुल्क में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा कृषि पंपों की बिजली दरों में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद अब तक बिजली दरों में कुल 31.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा चुकी है।

विधायक ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पांच वर्षों के दौरान केवल 2 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि हुई थी और उस समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ महीनों से उपभोक्ताओं को तीन से चार गुना अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं। आरोप लगाया गया कि बिना उपभोक्ताओं की सहमति के अनुबंध भार (लोड) बढ़ाया जा रहा है तथा स्मार्ट मीटर अधिक खपत दर्शाकर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाला जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने बिजली बिल बढ़ने के तीन प्रमुख कारण बताए—बिजली दरों में वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना तथा स्मार्ट मीटर के कारण कथित रूप से अधिक खपत दर्ज होना।

पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा, नारायण सोनी, गिरधारी यादव, रफीक सिद्दीकी, नागेंद्र गुप्ता, सेवक बूटू देवांगन, भगवान दास गढ़वाल, शिशिर द्विवेदी, दुर्गा कुर्रे, सुनील साधवानी, रामविलास राठौर, राजकुमार सरोज एवं हरीश श्रीवास सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button