छत्तीसगढ़

HPCL के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचने वालों पर पुलिस की रेड, 2.50 लाख का माल जब्त

जब्ती की गई duplicate oil

जांजगीर-चांपा। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी (HPCL) के नाम और पैकिंग का कथित रूप से दुरुपयोग कर डुप्लीकेट तेल बेचने की शिकायत पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली जांजगीर और चाम्पा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन दुकानों पर रेड कर 56 नग डुप्लीकेट तेल जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने नकली एवं डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क तथा नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में सिटी कोतवाली और चाम्पा थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध दुकानों की जांच की गई।

पुलिस प्रशासन के द्वारा कार्रवाई करते हुए

56 नग डुप्लीकेट तेल जब्त

पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान तीन दुकान संचालकों के कब्जे से हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम/पैकिंग में रखे 44 नग बड़े बकेट और 12 नग छोटे केन, कुल 56 नग तेल जब्त किए। पुलिस ने जब्त सामग्री की कीमत करीब ₹2,50,000 बताई है।

पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया अधिकृत कंपनी के उत्पाद के नाम और पैकिंग का दुरुपयोग कर ग्राहकों को डुप्लीकेट तेल बेचे जाने की जानकारी सामने आई है। जब्त सामग्री के दस्तावेज, बिक्री संबंधी जानकारी तथा उत्पाद की वास्तविकता का सत्यापन कराया जा रहा है।

इन दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई

पुलिस ने मामले में निम्न दुकान संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की है—

  1. सुरेश अग्रवाल पिता स्व. जोधराम अग्रवाल, उम्र 52 वर्ष, निवासी बिजली ऑफिस रोड, चाम्पा।
  2. अमन शर्मा, पिता अशोक शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेताजी चौक, जांजगीर।
  3. नीरज अग्रवाल, पिता स्व. बद्री प्रसाद अग्रवाल, उम्र 51 वर्ष, निवासी दुर्गा ऑटोमोबाइल, चाम्पा।

पुलिस द्वारा संबंधित आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जब्त तेल की जांच एवं कंपनी स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया भी की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से की अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बाजार में किसी भी कंपनी के नाम पर नकली या डुप्लीकेट उत्पाद बेचे जाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नकली और डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में विशेष योगदान: निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, निरीक्षक अशोक वैष्णव थाना चाम्पा, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंद्रवंशी, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमारी, मुकेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर सहित आरक्षक प्रकाश राठौर, संतुका एवं विनोद राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button