वायरल वीडियो पर बड़ी कार्रवाई: शासकीय प्राथमिक शाला तेलीपारा डोंगाकोहरौद के प्रधान पाठक निलंबित


जांजगीर-चांपा, 01 अगस्त 2026। जिले के शासकीय प्राथमिक शाला तेलीपारा डोंगाकोहरौद से जुड़े वायरल वीडियो मामले में जिला प्रशासन ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देश पर कराई गई जांच के बाद प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में वायरल हुए वीडियो को कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पामगढ़ को जांच के निर्देश दिए थे। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि वायरल वीडियो एवं जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया प्रधान पाठक का आचरण गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया है। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है। इसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान श्री कौशिक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नवागढ़ निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय सेवकों के अनुशासनहीन एवं आपत्तिजनक आचरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


