शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत, शिक्षा के प्रति किया प्रेरित

बलौदा। विकासखंड बलौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत लछनपुर के प्राथमिक शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला में मंगलवार को शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत बलौदा के उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत लछनपुर के सरपंच गेंदराम (छोटू) कुर्रे, केदारनाथ कुंभकार, रामनारायण केवट, शिक्षक मदन मोहन शर्मा, सिदार सर, थवाईत मैडम सहित विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।




