निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत 15 छात्राओं को मिली साइकिल


जनपद उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत ने किया वितरण, शिक्षा के प्रति किया प्रेरित
जांजगीर-चांपा/लछनपुर (मड़वा)। शासकीय हाई स्कूल लछनपुर में राज्य शासन की निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नवमीं में अध्ययनरत छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में कुल 15 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई, जिनमें 03 अनुसूचित जाति एवं 12 अन्य पिछड़ा वर्ग (बीपीएल) की छात्राएं शामिल थीं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री शिशुपाल सिंह राजपूत ने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए कहा कि शासन की यह योजना ग्रामीण अंचलों की बेटियों को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत लछनपुर के सरपंच श्री गेंदराम कुर्रे, विधायक प्रतिनिधि श्री होरीलाल यादव सहित विद्यालय परिवार के सभी व्याख्यातागण एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया। विद्यालय परिवार ने भी इस योजना को छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसके लिए शासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।



