छत्तीसगढ़

विश्व सायकल दिवस पर 07 जून को निकलेगी सायकल रैली, नागरिकों से सहभागिता की अपील

जांजगीर-चांपा, 04 जून 2026। विश्व सायकल दिवस के अवसर पर जिले में स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 07 जून 2026 (रविवार) को भव्य सायकल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सायकल रैली प्रातः 6:30 बजे हाई स्कूल मैदान जांजगीर से प्रारंभ होगी। रैली कचहरी चौक, नेताजी चौक, लिंक रोड एवं बीटीआई (अटल चौक) होते हुए पुनः हाई स्कूल मैदान जांजगीर पहुंचकर समाप्त होगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करना तथा सायकल उपयोग को बढ़ावा देना है।

डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना आवश्यक हो गया है। सायकलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने जिले के सभी स्थानीय खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, युवाओं, नागरिकों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं सामाजिक संगठनों से इस सायकल रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि अधिकाधिक जनभागीदारी से यह आयोजन जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक सकारात्मक संदेश देने में सफल होगा।

विश्व सायकल दिवस के अवसर पर आयोजित यह रैली जिले में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और लोगों को फिट रहने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। आयोजन को लेकर खेल विभाग द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

“सायकल चलाएं, स्वास्थ्य बढ़ाएं और पर्यावरण बचाएं” के संदेश के साथ आयोजित इस रैली में जिलेवासियों से उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button