छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 26 साल: संघर्ष से पहचान और विकास के सफर को विधायक व्यास कश्यप ने किया नमन, प्रदेशवासियों को दी स्थापना दिवस की बधाई

जांजगीर-चांपा। संघर्ष, स्वाभिमान और छत्तीसगढ़िया अस्मिता के गौरवशाली सफर के 26 वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि 1 नवंबर 2000 को अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया छत्तीसगढ़ आज अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर चुका है। यह केवल एक तारीख नहीं, बल्कि लाखों छत्तीसगढ़वासियों के संघर्ष, त्याग, उम्मीदों और वर्षों पुराने सपनों की ऐतिहासिक पहचान है। राज्य निर्माण के पीछे जिन महापुरुषों, आंदोलनकारियों और जननायकों का योगदान रहा है, उनका संघर्ष सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की असली पहचान यहां की माटी की खुशबू, लोककला, लोकसंस्कृति, तीज-त्योहार, मेहनतकश किसान, आदिवासी परंपराएं और आपसी भाईचारा है। धान का कटोरा कहलाने वाला हमारा प्रदेश प्राकृतिक संपदा और मानवीय संसाधनों से समृद्ध है। इन 26 वर्षों में प्रदेश ने अनेक क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है, लेकिन विकास की मंजिल अभी और आगे है।

विधायक ने कहा कि प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा, जब किसानों को उनकी मेहनत का सम्मान, युवाओं को रोजगार के अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और प्रत्येक नागरिक को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि हम सब मिलकर ऐसा छत्तीसगढ़ बनाएं, जिस पर आने वाली पीढ़ियां गर्व कर सकें।

अंत में विधायक व्यास कश्यप ने प्रदेश के सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी।

Related Articles

Back to top button