छत्तीसगढ़

डेढ़ लाख की कथित वसूली का मामला: सारागांव थाने के 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप!

शराब आरोपियों को पैसे लेकर छोड़ने का आरोप जांच में प्रथम दृष्टया सही, प्रशिक्षु SI समेत छह पर एसपी विजय कुमार पाण्डेय की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। खाकी वर्दी की आड़ में कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सारागांव थाने में शराब बिक्री के आरोपियों को कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये लेकर छोड़ने के गंभीर मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने ऐसा सख्त कदम उठाया है कि पूरे विभाग में हलचल तेज हो गई है। प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मामला 4 नवंबर 2026 का है। आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई के दौरान आरोपी गोपाल गोंड़ से कथित रकम के लेन-देन का मामला सामने आया था। 11 नवंबर को दैनिक समाचार पत्र में “1.5 लाख लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ा” शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लिया और सीएसपी जांजगीर से जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए गए।

इन छह पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

  1. प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू
  2. प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े
  3. आरक्षक दीपक सिंह
  4. आरक्षक शंकर जयकिशन
  5. आरक्षक सुनील रमन
  6. आरक्षक गोवर्धन टाईगर

सभी थाना सारागांव में पदस्थ थे।

अब केवल निलंबन नहीं, अपराध दर्ज होने की भी तैयारी!

पुलिस अधीक्षक ने मामले की आगे की जांच सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपी है। जांच में मीडिया कर्मी, आरोपी, संबंधित पुलिसकर्मियों और कथित मध्यस्थों के बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। सबसे अहम निर्देश यह है कि भ्रष्टाचार और अवैध लेन-देन के आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

एसपी का दो टूक संदेश: भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं!

एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन और अनुचित गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

बड़ा सवाल: जिनके कंधों पर कानून की रक्षा की जिम्मेदारी है, यदि उन्हीं पर अवैध वसूली के आरोप लगें तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करेगी? अब सबकी निगाहें जांच पर टिकी हैं। देखना होगा कि जांच में और कौन-कौन चेहरे बेनकाब होते हैं और कथित लेन-देन के मामले में आगे कितनी बड़ी कार्रवाई होती है।

Related Articles

Back to top button