छत्तीसगढ़

शराब दुकानों के बाहर सज रहे अवैध चखना सेंटर, खुलेआम छलक रहे जाम; जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

जांजगीर-चांपा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित शराब दुकानों के आसपास अवैध चखना सेंटरों का संचालन लगातार जारी है। कई स्थानों पर खुलेआम टेबल-कुर्सियां लगाकर लोगों को बैठकर शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियां होने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

सरकार की नीलामी आहता को बाहर चखना दुकान की चुनौती

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सुबह से देर रात तक शराब दुकानों के आसपास लोगों की भीड़ लगी रहती है। चखना सेंटरों पर शराब के साथ खाद्य सामग्री परोसी जाती है और वहीं बैठकर शराब का सेवन किया जाता है। इससे महिलाओं, स्कूली बच्चों, राहगीरों और आसपास के व्यापारियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई जगहों पर नशे की हालत में विवाद, शोर-शराबा और गाली-गलौज जैसी शिकायतें भी सामने आती रहती हैं।

सभी सामान खुले में रख कर स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़

लोगों का आरोप है कि इन अवैध चखना सेंटरों के संचालन की जानकारी संबंधित विभागों को होने के बावजूद कार्रवाई नाममात्र की होती है। कई बार शिकायतें किए जाने के बाद भी स्थिति में कोई विशेष बदलाव नहीं आया है, जिससे विभागीय निगरानी और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शराब दुकानों के आसपास इस प्रकार की अवैध व्यवस्थाओं पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो इससे कानून-व्यवस्था और सामाजिक वातावरण दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस एवं आबकारी विभाग से जिलेभर में संचालित अवैध चखना सेंटरों की जांच कर नियमों के अनुरूप सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब सेवन की व्यवस्था पर रोक लगाकर आमजन को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button