राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव बने कृष्णा टंडन,,


करीब एक दशक की सक्रिय पत्रकारिता का मिला सम्मान, प्रदेशभर में पत्रकारों ने दी शुभकामनाएं
जांजगीर-चांपा। जिले के हथनेवरा निवासी वरिष्ठ पत्रकार कृष्णा टंडन को राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत का छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के बाद प्रदेशभर के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
लगभग 8 से 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय कृष्णा टंडन ने जनहित से जुड़े मुद्दों, ग्रामीण समस्याओं, सामाजिक सरोकारों तथा प्रशासनिक अनियमितताओं को लगातार प्रमुखता से उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी निर्भीक, निष्पक्ष और जनपक्षीय पत्रकारिता ने उन्हें पत्रकार जगत में एक विश्वसनीय पहचान दिलाई है। वे विभिन्न पत्रकार संगठनों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं तथा संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत द्वारा उन्हें प्रदेश महासचिव का दायित्व सौंपते हुए संगठन के विस्तार, पत्रकारों को एकजुट करने तथा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए प्रभावी भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई गई है। संगठन का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में संगठन और अधिक सशक्त एवं सक्रिय होगा।
नियुक्ति के बाद कृष्णा टंडन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में संगठन को मजबूत करना, पत्रकारों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना रहेगा।
पत्रकारों का कहना है कि कृष्णा टंडन के अनुभव, सक्रिय कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता का लाभ पूरे प्रदेश के पत्रकारों को मिलेगा। उनकी नियुक्ति से संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और मजबूत नेतृत्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




