छत्तीसगढ़

योग दिवस पर जांजगीर-चांपा में उमड़ा जनसैलाब, प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने दिया स्वस्थ जीवन का मंत्र, जिले को मिली 3 नई एंबुलेंस

योग हमारी विरासत, स्वस्थ जीवन का आधार : प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भीमा तालाब में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, जिले को मिली तीन नई एंबुलेंस की सौगात

जांजगीर-चांपा, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित भीमा तालाब परिसर आज योगमय हो उठा। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का आधार है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अधिकांश देश योग दिवस मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। बीमारी आने के बाद उपचार करने की बजाय लोगों को पहले से ही अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए। योग, प्राकृतिक चिकित्सा और संतुलित दिनचर्या अपनाकर अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

योग से मिलेगा स्वस्थ शरीर और शांत मन

प्रभारी मंत्री ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का भी सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, सकारात्मक और ऊर्जावान बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह को 25 हजार की सहायता

कार्यक्रम के दौरान पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कुटराबोड़ के प्रतिभाशाली मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह ने अपने शानदार करतबों से सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने स्वेच्छानुदान मद से 25 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण

योगाभ्यास के पश्चात प्रभारी मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत भीमा तालाब परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।

जिले को मिली तीन नई एंबुलेंस की सौगात

विश्व योग दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात भी मिली। प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी ने नवागढ़, पामगढ़ और अकलतरा विकासखंड के लिए उपलब्ध कराई गई तीन नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन एंबुलेंसों के संचालन से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक सुलभ और प्रभावी होंगी।

कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन, खेल संघों के सदस्य और स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button