सोठी आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कहा— मानवता, सेवा और संवेदना का जीवंत केंद्र है यह संस्थान


जांजगीर-चांपा, 2 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा किया। उन्होंने आश्रम में संचालित सेवा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास कार्यों का अवलोकन करते हुए संस्था के कार्यों की सराहना की और कहा कि यह आश्रम केवल एक सेवा संस्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और समर्पण का जीवंत केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने आश्रम प्रमुख सुधीर देव से संस्था की गतिविधियों, चिकित्सा सुविधाओं एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आश्रम वर्षों से समाज के उपेक्षित एवं जरूरतमंद लोगों की गरिमा के साथ सेवा कर रहा है, जो “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना को साकार करता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा आश्रम के लिए नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे, आईसीयू एवं ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही धनवंतरी जनकल्याण समिति द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का निरीक्षण कर समय पर जांच और उपचार को जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।


आश्रम भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रमवासियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना, उन्हें उपहार वितरित किए तथा गौशाला में गौ-पूजन कर गौसेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विभिन्न जनप्रतिनिधि, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, आश्रम के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1962 में स्थापित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम पिछले छह दशकों से कुष्ठ रोगियों के उपचार, पुनर्वास, निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, गौसंवर्धन, जैविक खेती और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।




