छत्तीसगढ़

मां चंडी दाई के मुकुट-आभूषण फिर सजे, पुलिस बैंड के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

महिलाओं को जोड़कर बनी महिला कमांडो टीम

चोरी के बाद पुलिस ने बरामद किए थे मुकुट व आभूषण, विधिवत शुद्धिकरण के बाद मां का हुआ पुनः भव्य श्रृंगार

जांजगीर-चांपा, 17 अगस्त 2026। नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महंत स्थित प्रसिद्ध मां चंडी दाई मंदिर में सोमवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर से चोरी हुए मां के चांदी के मुकुट एवं सोने के आभूषण पुलिस द्वारा बरामद किए जाने के बाद विधिवत शुद्धिकरण कराया गया और पूरे विधि-विधान के साथ मां चंडी दाई का पुनः भव्य श्रृंगार किया गया।

मां चंडी दाई के दरबार में पुलिस अधीक्षक श्री पांडे

कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान SDOP चांपा श्री लौकेश बंसल, DSP अजाक श्रीमती सतरूपा तारम, थाना प्रभारी नवागढ़ मणिकांत पाण्डेय, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

भरम बाबा मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा

मां चंडी दाई के मुकुट एवं आभूषणों को भरम बाबा मंदिर से मां चंडी दाई मंदिर तक भव्य शोभायात्रा के रूप में ले जाया गया। पुलिस बैंड की मधुर धुनों के बीच निकली शोभायात्रा में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

न्यायालय से सुपुर्दनामा में प्राप्त चोरी गए मुकुट एवं आभूषणों का विधिवत शुद्धिकरण कराया गया। इसके बाद मां चंडी दाई का पुनः श्रृंगार किया गया। लंबे समय बाद मां का मुकुट और आभूषण पुनः मंदिर में स्थापित होने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लौटा विश्वास

मंदिर में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई सामग्री बरामद की। बरामद आभूषणों की वापसी के बाद आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया।

महिलाओं को जोड़कर बनी महिला कमांडो टीम

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम महंत की सक्रिय महिलाओं को जोड़कर महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।

यह टीम ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, अपराध के प्रति जागरूकता, सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जनजागरूकता तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भूमिका निभाएगी।

मां चंडी दाई मंदिर में हुए इस आयोजन ने एक ओर जहां श्रद्धालुओं की आस्था को फिर से मजबूत किया, वहीं दूसरी ओर पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास एवं सामुदायिक सहभागिता की नई मिसाल भी पेश की।

Related Articles

Back to top button