चांपाछठ पूजाजांजगीरबिलासपुररायपुर

लछनपुर का हसदेव नदी छठ घाट बना आस्था का महाकेंद्र, छठ महापर्व पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

छठ महापर्व

2009 में भोजपुरी समाज ने कराया था घाट का निर्माण, यूपी-बिहार सहित प्रदेशभर से 10 से 15 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान; तैयारियों में जुटा समाज

जांजगीर-चांपा। लोक आस्था, श्रद्धा और कठिन तपस्या का महापर्व छठ पूजा को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। ग्राम लछनपुर स्थित हसदेव नदी के तट पर बना छठ घाट एक बार फिर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनने जा रहा है। यहां छठ महापर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश, बिहार सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करेंगे। इस वर्ष लगभग 10 से 15 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

घाट की साफ सफाई कराते हुए

2009 से कायम है आस्था और एकजुटता की परंपरा

भोजपुरी समाज के संस्थापक अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम लछनपुर में हसदेव नदी के केरा झरिया के पास छठ घाट का निर्माण वर्ष 2009 में भोजपुरी समाज के सहयोग से कराया गया था। इसके पहले श्रद्धालु अलग-अलग स्थानों पर छठ पूजा करते थे, लेकिन घाट के निर्माण के बाद समाज के लोगों को एक ही स्थान पर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करने की सुविधा मिली। तब से यह घाट लगातार श्रद्धालुओं की आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बना हुआ है। इस वर्ष 10 नवंबर से ही घाट की साफ-सफाई एवं अन्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

छठ पूजा की तैयारी करते भोजपुरी समाज के सदस्य

नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय महापर्व

श्री विनय दास ने बताया कि छठ पूजा भगवान सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित महापर्व है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना का विधान है, जिसमें व्रती दिनभर उपवास रखकर शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके पश्चात लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा जाता है। 15 नवंबर को व्रती हसदेव नदी के छठ घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों में संतोष सिंह चांपा का विशेष योगदान


छठ महापर्व को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में चांपा के संतोष सिंह का विशेष योगदान बताया जा रहा है। आयोजन से जुड़े लोगों के साथ समन्वय, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक तैयारियों में उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना की जा रही है। भोजपुरी समाज के सदस्यों के साथ मिलकर आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

छठ घाट पर तैयारियों का लिया गया जायजा


छठ महापर्व को देखते हुए लछनपुर के हसदेव नदी स्थित छठ घाट पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। घाट परिसर में साफ-सफाई, पेवर ब्लॉक लगाने एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान पुलिस अधिकारी एवं भोजपुरी समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। आयोजन को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

सूपा, नारियल, गन्ना और पारंपरिक प्रसाद से सजेगा घाट

छठ पूजा में सूपा, लोटा, थाली, दूध, जल, नए वस्त्र, दीपक, बांस, नारियल, गन्ना, शकरकंद, हल्दी, अदरक, नाशपाती, नींबू, शहद, पान, सुपारी, कपूर, चंदन, मिठाई और कलावा सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों का विशेष महत्व होता है।

केरा झेरिया छठ घाट

भोजपुरी समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन रहे उपस्थित


इस अवसर पर भोजपुरी समाज के अध्यक्ष सुशील सिंह, चांपा से संतोष सिंह, राजकुमार सरोज, एस.के. सिंह, पवन शर्मा, राजीव कुमार यादव, विनय कुमार बाजपेयी, एस.पी. सिंह, जांजगीर से शिवशंकर झा एवं सिद्धार्थ सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी देता है। लछनपुर का हसदेव नदी छठ घाट इस अवसर पर आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की अनुपम तस्वीर प्रस्तुत करेगा। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से नदी तट भक्तिमय वातावरण में सराबोर होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button