ग्राम लछनपुर के केरा झेरिया में 20 लाख रुपये की लागत से बनेगा यादव समाज का सामुदायिक भवन, शिशुपाल सिंह राजपूत ने किया भूमिपूजन


सामाजिक एकता और विकास को मिलेगी नई पहचान, भवन निर्माण से समाज को मिलेगी विभिन्न आयोजनों के लिए स्थायी सुविधा
लछनपुर/बलौदा। ग्राम पंचायत लछनपुर के केरा झेरिया में यादव समाज के लिए 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का विधिवत भूमिपूजन जनपद पंचायत बलौदा के उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत के करकमलों से संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।

यादव समाज के लिए बनने वाला यह सामुदायिक भवन सामाजिक एकता, संगठन और सामूहिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद समाज के लोगों को विवाह एवं मांगलिक कार्यक्रमों, सामाजिक बैठकों, सांस्कृतिक आयोजनों तथा अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बलौदा के उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामाजिक भवनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे निर्माण कार्य समाज को एकजुट करने के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम में यादव समाज के जिला अध्यक्ष जगदीश यादव, क्षेत्र अध्यक्ष साधराम यादव, केंद्र उपाध्यक्ष देव कुमार यादव, केंद्र सचिव खिलावन यादव, समाज के संरक्षक गिरधारी यादव, सोनू यादव, ग्राम पंचायत लछनपुर के सरपंच गेंद राम छोटू कुर्रे क्षेत्र सचिव मनोज यादव एवं कोषाध्यक्ष संतोष यादव सहित समाज के वरिष्ठजन एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समाजजनों ने 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन को समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए हर्ष व्यक्त किया। इस भवन के निर्माण से केरा झेरिया में सामाजिक गतिविधियों को नया आधार मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ प्राप्त होगा।



