छत्तीसगढ़

चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 21 किलो से अधिक गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, 10 लाख से अधिक का मादक पदार्थ जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 21.1 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख 55 हजार रुपये मूल्य का गांजा और बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में शनिवार को थाना चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हनुमान चौक, देवांगन पारा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक युवक को गांजा बेचते हुए पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वीरेन्द्र देवांगन (28 वर्ष), पिता स्वर्गीय यशवंत देवांगन, निवासी हनुमान चौक, देवांगन पारा, चांपा बताया। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चार पैकेट एवं दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 21.1 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

थाना चांपा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में उप निरीक्षक सत्यम चौहान, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, रूकसाना बानो, निकिता साहू, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू सहित थाना चांपा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button