छत्तीसगढ़

हैंडलूम और कोसा उद्योग को मिलेगा नया आयाम: जांजगीर-चांपा में स्टेकहोल्डर्स मीट में बनी विकास की रणनीति

जांजगीर-चांपा, 14 जुलाई 2026। जिले के पारंपरिक कोसा एवं हाथकरघा उद्योग को आधुनिक तकनीक, नवाचार और बेहतर बाजार से जोड़ने की दिशा में मंगलवार को भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएचटी), जांजगीर-चांपा में स्टेकहोल्डर्स मीट का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कोसा उद्यमियों, बुनकरों, उद्योग विशेषज्ञों, बैंक प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर संस्थान के समग्र विकास और हैंडलूम इकोसिस्टम को मजबूत बनाने पर विस्तार से मंथन किया।

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि जांजगीर-चांपा को पारंपरिक कोसा उद्योग की पहचान के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, कौशल विकास और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि आईआईएचटी को केवल प्रशिक्षण संस्थान तक सीमित न रखते हुए इसे उद्योग, अनुसंधान और नवाचार से जोड़कर स्थानीय युवाओं, बुनकरों और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएं।

बैठक में संस्थान में अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी), नए डिजाइनों के विकास, उद्योगों के साथ साझेदारी, विपणन व्यवस्था को मजबूत करने तथा भविष्य में संस्थान परिसर में प्रोडक्शन यूनिट स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

कोसा उद्यमियों और बुनकरों ने स्थानीय उद्योग की वर्तमान चुनौतियों, बाजार की मांग, उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन नवाचार तथा विपणन से जुड़े अपने सुझाव साझा किए। विशेषज्ञों ने पारंपरिक बुनकरी को आधुनिक तकनीक और समकालीन डिजाइनों से जोड़कर स्थानीय उत्पादों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में यह भी प्रस्तावित किया गया कि चांपा में प्रतिवर्ष हैंडलूम फेस्टिवल का आयोजन किया जाए, ताकि स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिले और आईआईएचटी को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कर हाथकरघा क्षेत्र का उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं नवाचार केंद्र बनाया जा सके।

इस अवसर पर श्री चंद्रशेखर देवांगन, श्री धनंजय देवांगन, श्री नंद कुमार देवांगन, श्री मनमोहन देवांगन, श्री जगन्नाथ देवांगन, एनसीएचएचडी के श्री महेश गुलाटी, श्री तरुण वेदी सहित रेशम, हाथकरघा, उद्योग एवं बैंक विभाग के अधिकारी, कोसा उद्यमी, बुनकर तथा संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button