छत्तीसगढ़

उर्वरक वितरण में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई, मार्कफेड एमडी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा, 16 जून 2026। आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए मार्कफेड के प्रबंध संचालक श्री जितेंद्र शुक्ला ने जिले में उर्वरक एवं बीजों की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे सहित कृषि, सहकारिता, खाद्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में श्री शुक्ला ने अधिकारियों से उर्वरक एवं बीजों के उपलब्ध स्टॉक, भंडारण क्षमता और वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को जरूरत के समय पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए, ताकि खेती कार्य प्रभावित न हो।

मार्कफेड प्रबंध संचालक ने उर्वरकों के वितरण पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। श्री शुक्ला ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी एवं एसएसपी उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे उत्पादन बढ़ाने के साथ कृषि लागत को भी कम किया जा सके।

Related Articles

Back to top button