सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब, 19 ग्राम पंचायतों से पहुंचे 937 आवेदन





किरीत/नवागढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम पंचायत किरीत स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लेते हुए अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित 937 आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें 869 मांग एवं 68 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे।
कार्यक्रम में जांजगीर विधायक व्यास कश्यप, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा अनेक हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रतीकात्मक चाबी, राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं मछुआरों को जाल वितरित किए गए। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं सैनिकों, अग्निवीर भर्ती में चयनित युवाओं, 10वीं-12वीं के मेधावी विद्यार्थियों तथा स्वच्छता दीदियों का सम्मान भी किया गया।
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि सुशासन तिहार आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने की अपील करते हुए किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि नागरिकों की मांगों एवं समस्याओं का सरल, सुगम एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना ही सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को जैविक खेती, नैनो यूरिया के उपयोग एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह उन्मूलन एवं सामाजिक जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

