

आवेदक से कब्जा दिलाने के नाम पर पैसों की मांग का आरोप, एसपी ने दिए जांच के आदेश
जांजगीर-चांपा। जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए चौकी पंतोरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई विवादित भूमि पर कब्जा दिलाने के नाम पर एक आवेदक से पैसों की मांग किए जाने की शिकायत सामने आने के बाद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी पंतोरा क्षेत्र के एक आवेदक ने प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी पर विवादित भूमि मामले में हस्तक्षेप कर कब्जा दिलाने के एवज में पैसे मांगने का आरोप लगाया था। शिकायत और मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि विभाग में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार अथवा आम जनता के साथ अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई पुलिस विभाग की प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग की जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




